27 C
Lucknow
Wednesday, March 11, 2026

चलती ट्रेनों से माल चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय, एक बदमाश गिरफ्तार

Must read

चलती ट्रेनों के लगेजवान (एसएलआर) की सील तोड़कर माल चोरी करने वाले सक्रिय गिरोह के एक सदस्य को जीआरपी ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि उसके अन्य साथी मौके से फरार होने में सफल रहे। पकड़े गए आरोपी के पास से चोरी किया गया स्क्रैप से भरी एक बोरी बरामद की गई है। आरोपी ने पूछताछ में कई ट्रेनों से चोरी की वारदात कबूल की है।

जानकारी के अनुसार झांसी स्टेशन के पास पुलिया नंबर नौ आउटर के आसपास यह गिरोह काफी समय से सक्रिय था। 10 मार्च को जीआरपी ने झाड़ियों से बोरी उठाकर स्कूटी से ले जाते समय एक युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम लारा उर्फ रमजान निवासी पुलिया नंबर नौ बताया। पकड़ी गई बोरी में तांबा, पीतल और एल्युमिनियम का स्क्रैप भरा हुआ था।

आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने यह माल कर्नाटक एक्सप्रेस के एसएलआर की सील तोड़कर झाड़ियों में गिराया था। इससे पहले उसने गुजरात जाने वाली साबरमती एक्सप्रेस के लगेजवान की सील तोड़कर भी माल चोरी किया था। गिरोह के सदस्य भोपाल से ट्रेन में सवार होते हैं और झांसी से पहले आउटर पर चेन पुलिंग कर एसएलआर की सील तोड़कर माल नीचे गिरा देते हैं, जिसे बाद में उठाकर बेच दिया जाता है।

जीआरपी प्रभारी रामेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि पकड़े गए आरोपी पर पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2016 में उसके खिलाफ लूट और चोरी के मामलों में कार्रवाई हो चुकी है। इसके अलावा प्रेमनगर थाना और आरपीएफ में भी रेल संपत्ति चोरी के मामले दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों कद्दन, अफजल, फैजान और इस्लाम की तलाश में छापेमारी कर रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article