हमीरपुर जिले में यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के बाद अब उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तैयारी शुरू कर दी गई है। जिले में दो मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं, जहां कड़ी निगरानी में कॉपियों की जांच की जाएगी। दोनों केंद्रों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट और पर्यवेक्षक की तैनाती की जाएगी, साथ ही पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगी।
जिले में राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) और श्रीविद्या मंदिर इंटर कॉलेज को मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। जीआईसी में इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होगा, जबकि श्रीविद्या मंदिर इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की कॉपियां जांची जाएंगी। गैर जनपद से आने वाली उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षा व्यवस्था के बीच सीसीटीवी निगरानी में स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा।
निर्धारित तिथि पर समिति की मौजूदगी में उत्तर पुस्तिकाएं परीक्षकों को जांच के लिए उपलब्ध कराई जाएंगी। मूल्यांकन कार्य 18 मार्च से शुरू होकर एक अप्रैल तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। पूरी प्रक्रिया की निगरानी जिला और राज्य मुख्यालय में बनाए गए कंट्रोल रूम से वेबकास्टिंग के माध्यम से की जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक महेश कुमार गुप्ता ने बताया कि परीक्षकों की तैनाती भी ऑनलाइन व्यवस्था से की जा रही है। मूल्यांकन कक्ष में मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। केंद्र के मुख्य द्वार पर टोकन व्यवस्था के साथ मोबाइल जमा कराए जाएंगे और सुरक्षा व्यवस्था के तहत अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी।


