37.2 C
Lucknow
Wednesday, March 11, 2026

तेल-गैस की कमी की अफवाहों पर सरकार सख्त, मुख्यमंत्री योगी ने दिए कड़े निर्देश

Must read

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तुरंत और कड़ी कार्रवाई की जाए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की पर्याप्त आपूर्ति उपलब्ध है और जनता को किसी भी प्रकार की घबराहट में आने की जरूरत नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि तेल और गैस की कालाबाजारी या जमाखोरी करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद पुलिस मुख्यालय और जिला प्रशासन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर निगरानी तेज कर दी है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि झूठी खबरें और अफवाहें फैलाने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।

इसके साथ ही पुलिस को पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों के आसपास सतर्क निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि कहीं भी अनावश्यक भीड़ या अफरातफरी की स्थिति न बने। जिला प्रशासन और आपूर्ति विभाग को भी निर्देशित किया गया है कि वे गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों पर नियमित निरीक्षण करें और यह सुनिश्चित करें कि कहीं भी कृत्रिम कमी पैदा कर कालाबाजारी न की जा रही हो।

सरकार का कहना है कि प्रदेश में ईंधन और गैस की आपूर्ति सामान्य है और किसी भी तरह की कमी की स्थिति नहीं है। इसलिए नागरिकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article