सिलेंडर लेने के लिए लगी लंबी कतारें — जिला पूर्ति अधिकारी बोले, जिले में गैस की कोई कमी नहीं
अमृतपुर फर्रुखाबाद: तहसील अमृतपुर स्थित अत्रेय इंडियन गैस एजेंसी पर बुधवार को गैस सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग एजेंसी पर पहुंचने लगे, जिसके चलते एजेंसी परिसर और बाहर सड़क तक लंबी-लंबी कतारें लग गईं। कई उपभोक्ताओं को अपनी बारी के इंतजार में घंटों खड़ा रहना पड़ा।
बताया जा रहा है कि गैस की कमी की चर्चा फैलने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग सिलेंडर लेने के लिए अमृतपुर स्थित एजेंसी पहुंच गए। भीड़ में महिलाएं, बुजुर्ग और युवा सभी शामिल रहे। अचानक बढ़ी भीड़ के कारण कुछ समय के लिए अव्यवस्था जैसी स्थिति भी बन गई, हालांकि एजेंसी कर्मियों द्वारा उपभोक्ताओं को लाइन में लगाकर वितरण व्यवस्था को संभालने का प्रयास किया गया।
गैस एजेंसी से जुड़े कर्मचारियों का कहना है कि गैस की आपूर्ति सामान्य रूप से हो रही है और कंपनियों की ओर से पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उपभोक्ताओं में फैली आशंका और जल्दबाजी के कारण ही एजेंसी पर भीड़ अधिक हो गई।
इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी सुरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। गैस कंपनियों द्वारा नियमित रूप से आपूर्ति की जा रही है और सभी गैस एजेंसियों को पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट में एजेंसियों पर भीड़ न लगाएं। जरूरत के अनुसार ही सिलेंडर लें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके। विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था होने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


