लखनऊ। प्रदेश में गैस और पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद उत्तर प्रदेश के कई जिलों में निरीक्षण और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार नोएडा, लखनऊ, कानपुर और प्रयागराज सहित कई शहरों में जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीमें मैदान में उतर गई हैं। अधिकारी पेट्रोल पंपों, गैस गोदामों और गैस एजेंसियों पर पहुंचकर स्टॉक और वितरण व्यवस्था की जांच कर रहे हैं।
अधिकारियों का कहना है कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कहीं भी कृत्रिम कमी पैदा कर कालाबाजारी या जमाखोरी न की जा रही हो। इसके साथ ही पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों के रिकॉर्ड तथा स्टॉक रजिस्टर की भी जांच की जा रही है।
मुख्यमंत्री की सख्ती के बाद प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि कहीं भी तेल या गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी या अनियमितता पाई गई तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें, क्योंकि प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और गैस की पर्याप्त आपूर्ति उपलब्ध है।


