25.4 C
Lucknow
Tuesday, March 10, 2026

एलपीजी सिलेंडर की किल्लत से उपभोक्ताओं का दम, बुकिंग के बाद भी 48–72 घंटे का इंतजार

Must read

लखनऊ। राजधानी में इन दिनों एलपीजी सिलेंडर की किल्लत से उपभोक्ताओं का दम निकल रहा है। हालात यह हैं कि गैस की बुकिंग कराने के बाद भी लोगों को 48 से 72 घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है। कई इलाकों में उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिलने से एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लग रही हैं। गैस आपूर्ति में हो रही देरी के पीछे खाड़ी देशों में जारी तनाव और तकनीकी समस्याओं को प्रमुख कारण बताया जा रहा है।

गोमतीनगर क्षेत्र के निवासी रोहित यादव ने सोमवार को एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग कराई थी, लेकिन मंगलवार देर रात तक उनके घर गैस सिलेंडर की डिलीवरी नहीं हो सकी। उन्होंने बताया कि एजेंसी से बार-बार संपर्क करने पर हर बार यही जवाब मिला कि अभी गैस की गाड़ी नहीं पहुंची है और जैसे ही सप्लाई आएगी, सिलेंडर भेज दिया जाएगा। इसी तरह की शिकायतें शहर के कई अन्य इलाकों से भी सामने आ रही हैं।

राजधानी के अलीगंज, महानगर, आशियाना, राजाजीपुरम, आलमबाग और अन्य क्षेत्रों में भी उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर के लिए काफी इंतजार करना पड़ रहा है। कई जगहों पर गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की भीड़ देखी गई। कुछ स्थानों पर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को भी हस्तक्षेप करना पड़ा। उपभोक्ताओं का कहना है कि समय पर गैस न मिलने से घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहा है और उन्हें काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

बताया जा रहा है कि लखनऊ में प्रतिदिन करीब 50 हजार से अधिक एलपीजी सिलेंडरों की मांग रहती है। सामान्य परिस्थितियों में गैस एजेंसियों से 24 घंटे के भीतर सिलेंडर की डिलीवरी हो जाती है, लेकिन मौजूदा समय में कई उपभोक्ताओं को दो से तीन दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। इसके अलावा कुछ उपभोक्ताओं ने यह भी शिकायत की है कि कई बार बुकिंग करने में तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं, जिससे परेशानी और बढ़ गई है।

कुछ उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया है कि कुछ एजेंसी संचालक सिलेंडरों की कालाबाजारी कर रहे हैं और घरेलू सिलेंडरों को व्यावसायिक उपयोग के लिए अधिक कीमत पर बेच रहे हैं। हालांकि एजेंसी संचालकों का कहना है कि ऐसी शिकायतें बेबुनियाद हैं और वास्तविक समस्या गैस की आपूर्ति में आ रही कमी के कारण उत्पन्न हुई है। उनका कहना है कि डिपो से पर्याप्त मात्रा में गैस नहीं मिल पा रही है, जिससे उपभोक्ताओं तक समय पर सिलेंडर पहुंचाने में दिक्कत हो रही है।

इस बीच सिलेंडर मिलने में देरी और स्टॉक खत्म होने की खबरों के बीच इंडियन आयल कारपोरेशन ने बयान जारी कर स्थिति स्पष्ट की है। इंडियन ऑयल के अधिकारियों का कहना है कि कंपनी के पास पर्याप्त एलपीजी स्टॉक उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर तकनीकी और लॉजिस्टिक कारणों से डिलीवरी में देरी हो सकती है, लेकिन जल्द ही स्थिति सामान्य कर दी जाएगी।

अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और धैर्य बनाए रखें, साथ ही गैस एजेंसियों के साथ सहयोग करें ताकि आपूर्ति व्यवस्था को जल्द सामान्य किया जा सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article