बोले- एसआईआर प्रक्रिया के जरिए बीजेपी ने कर दिया एनआरसी
लखनऊ/नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर चल रहे विवाद के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी केंद्र सरकार और बीजेपी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने एसआईआर प्रक्रिया के जरिए एनआरसी लागू कर दिया है।
दरअसल, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर सरकारी अधिकारियों को धमकाने का आरोप लगाया था। इसी मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि चुनावी प्रक्रियाओं का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए नहीं किया जाना चाहिए।
अखिलेश यादव ने कहा कि एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिविजन) की प्रक्रिया के माध्यम से मतदाता सूची में बदलाव और जांच के नाम पर लोगों को परेशान किया जा रहा है। उनका आरोप है कि इस प्रक्रिया के जरिए अप्रत्यक्ष रूप से एनआरसी (नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटिजन्स) जैसी व्यवस्था लागू करने की कोशिश की जा रही है।
सपा प्रमुख ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता बेहद महत्वपूर्ण है। यदि चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठते हैं तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक स्थिति है।
बॉक्स
एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रेविशन ) मतदाता सूची के व्यापक पुनरीक्षण की प्रक्रिया होती है। इसके तहत मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने और रिकॉर्ड को अपडेट करने का काम किया जाता है। विपक्षी दलों का आरोप है कि इस प्रक्रिया का दुरुपयोग किया जा सकता है।


