– आज़मगढ़ में अनोखा पारिवारिक विवाद, नाबालिग बेटे ने पिता की सातवीं शादी रुकवाने के लिए पुलिस से लगाई गुहार
आज़मगढ़। उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ जिले में एक ऐसा पारिवारिक मामला सामने आया है, जिसने लोगों को हैरान भी कर दिया और हंसी का विषय भी बना दिया। यहां एक पिता की सातवीं शादी की तैयारी से परेशान होकर नाबालिग बेटा सीधे थाने पहुंच गया और पुलिस से गुहार लगाई कि “अब इस शादी को रोक दीजिए।”
मामला अहरौला थाना क्षेत्र के पूरा दुबे गोदाम गांव का है। गांव निवासी शनि मौर्य ने अपने पिता अमरजीत मौर्य (55 वर्ष) के खिलाफ थाने में शिकायत दी है। बेटे का कहना है कि उसके पिता पहले ही छह शादियां कर चुके हैं और अब सातवीं शादी की तैयारी में जुटे हुए हैं।
बेटे ने पुलिस को बताया कि पिता की बार-बार होने वाली शादियों से घर का माहौल लगातार बिगड़ता जा रहा है और अब तो यह स्थिति हास्यास्पद हो गई है। उसने पुलिस से अपील की कि किसी तरह इस सातवीं शादी को रोका जाए।
स्थानीय लोगों के बीच भी यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। गांव में लोग चुटकी लेते हुए कह रहे हैं कि “जहां लोग एक शादी निभाने में परेशान हो जाते हैं, वहीं अमरजीत मौर्य सातवीं पारी खेलने की तैयारी में हैं।”
वहीं पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह अनोखा विवाद इलाके में हंसी और चर्चा दोनों का विषय बना हुआ है।


