28.9 C
Lucknow
Monday, March 9, 2026

गलारपुर में खत्म हुआ सस्पेंस: रचना बनीं निर्विरोध कोटेदार, खुली बैठक में हुआ चयन

Must read

अमृतपुर/फर्रुखाबाद: तहसील क्षेत्र के ग्राम गलारपुर में सस्ता गल्ला दुकान के चयन को लेकर चल रहा सस्पेंस आखिरकार खत्म हो गया। ग्राम पंचायत में आयोजित खुली बैठक में रचना पत्नी प्रमोद कुमार के पक्ष में किसी अन्य प्रत्याशी का आवेदन न आने के कारण उन्हें निर्विरोध रूप से सस्ता गल्ला दुकान का कोटेदार चुन लिया गया।

ज्ञात हो कि इससे पूर्व आयोजित बैठक में पर्याप्त संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति न होने के कारण कोरम अधूरा रह गया था, जिससे चयन प्रक्रिया को स्थगित करना पड़ा था। इस कारण गांव में राशन दुकान के चयन को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई थीं। लेकिन प्रशासन द्वारा पुनः बैठक आयोजित कर प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया।

निर्धारित तिथि पर आयोजित खुली बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में आवेदन प्रक्रिया पूरी कराई गई। इस दौरान रचना पत्नी प्रमोद कुमार ने अपना आवेदन प्रस्तुत किया, जबकि किसी भी अन्य दावेदार ने नामांकन दाखिल नहीं किया। ऐसे में नियमानुसार उन्हें निर्विरोध रूप से सस्ता गल्ला दुकान का कोटेदार घोषित कर दिया गया।

बैठक के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। इस दौरान वीडियो पंचायत अजीत पाठक, सचिव शिव सिंह, क्षेत्रीय सचिव राजीव सुमन तथा एनआरएलएम से वीरेंद्र सिंह सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं ग्राम पंचायत के प्रधान ओमपाल कुशवाहा समेत कई ग्रामीण भी बैठक में मौजूद रहे और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।

ग्रामवासियों ने उम्मीद जताई है कि नई कोटेदार बनने के बाद गांव के पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाला राशन समय पर और पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article