उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र में उन्नाव-कटरा मार्ग पर रविवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बरसोहिया गांव के पास साइकिल से जा रहे एक सफाईकर्मी को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार सोनू वाल्मीकि (35) निवासी रामपुर‑धरमपुर प्राइवेट सफाई कर्मी के रूप में काम करते थे। उनके छोटे भाई सचिन ने बताया कि उनके पिता घनश्याम उर्फ गुड्डू नयागांव में नए मकान में रहते हैं। रविवार शाम सोनू साइकिल से अपने पिता से मिलने नयागांव गए थे और देर शाम वापस अपने गांव लौट रहे थे।
इसी दौरान उन्नाव-कटरा मार्ग पर बरसोहिया गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सोनू गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर यूपी 112 की टीम मौके पर पहुंची और उन्हें इलाज के लिए सीएचसी हरपालपुर ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पहले शव की पहचान नहीं हो पाई थी, इसलिए पुलिस ने उसकी फोटो सोशल मीडिया पर प्रसारित की। इसके बाद परिजनों ने उनकी पहचान की। मृतक के परिवार में पत्नी ऊषा, चार पुत्रियां और तीन पुत्र हैं। वीरेंद्र पंकज, कोतवाल सवायजपुर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और परिजनों से तहरीर मांगी गई है।


