32 C
Lucknow
Tuesday, March 10, 2026

खनन रोकने पहुंची पुलिस पर हाइड्रा चढ़ाने की कोशिश, दरोगा व सिपाहियों ने कूदकर बचाई जान

Must read

मैनपुरी। जिले के एलाऊ थाना क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर हाइड्रा चालक ने वाहन चढ़ाकर जान से मारने की कोशिश कर दी। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दरोगा और उनके साथ मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह सड़क के नीचे कूदकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को सीज कर थाने में खड़ा करा दिया है और फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।

एलाऊ थाने में तैनात उपनिरीक्षक दुर्योधन सिंह ने बताया कि शनिवार रात वह क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के गांव नगला गुमानी में अवैध खनन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही वह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां देखा गया कि हाइड्रा मशीन से मिट्टी खोदकर ट्रैक्टर में भरी जा रही थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हाइड्रा पर सवार चालक से पूछताछ की, जिसने अपना नाम मोनू उर्फ विजय यादव निवासी नगला खिल्ला, पहाड़पुर बताया। वहीं ट्रैक्टर चालक ने अपना नाम वीरू निवासी नगला खिल्ला बताया।

पुलिस द्वारा खनन से संबंधित अनुमति पत्र मांगे जाने पर कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद खनन अधिकारी और थाना प्रभारी अवनीश त्यागी भी मौके पर पहुंच गए और कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को सीज कर दिया गया। ट्रैक्टर को एक स्थानीय व्यक्ति थाने ले जाने के लिए रवाना कर दिया गया था।

बताया गया कि इसी दौरान मोनू यादव हाइड्रा चलाते हुए और उसका साथी वीरू उसके पास बैठा हुआ था। रास्ते में दोनों ने अचानक हाइड्रा को तेज गति से पहाड़पुर की ओर दौड़ा दिया। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं रुके और गाली-गलौज करते हुए पुलिस को जान से मारने की धमकी देने लगे।

पुलिस ने कुछ दूर तक पीछा किया और बाइक आगे लगाकर हाइड्रा रोकने की कोशिश की। इसी दौरान वीरू ने चालक मोनू से कहा कि गाड़ी पुलिसकर्मियों के ऊपर चढ़ा दो। इसके बाद मोनू ने हाइड्रा से पुलिस टीम को कुचलने का प्रयास किया। खतरा भांपते हुए दरोगा और उनके साथ मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत सड़क से नीचे कूदकर अपनी जान बचाई।
इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर मोनू उर्फ विजय को मौके से पकड़ लिया, जबकि उसका साथी वीरू अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमला, सरकारी कार्य में बाधा सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि अवैध खनन की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर कार्रवाई के लिए गई थी, उसी दौरान यह घटना हुई। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और दोनों वाहनों को सीज कर दिया गया है। फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article