फर्रुखाबाद। जनपद के मेरापुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार मेरापुर थाना क्षेत्र के गांव उमरैला पिलखना निवासी सोबरन सिंह के 38 वर्षीय पुत्र नीरज शनिवार की शाम अपनी भतीजी शालू की लगुन चढ़ाने के लिए पड़ोसी जनपद एटा के जलेसर क्षेत्र गए हुए थे। देर रात वह रिश्तेदारों के साथ पिकअप वाहन से वापस घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
लघुशंका के लिए उतरे, तभी अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
परिजनों के अनुसार लौटते समय रास्ते में नीरज को लघुशंका लगी, जिस कारण वह पिकअप से नीचे उतर गए। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि नीरज गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
पहले निजी अस्पताल ले गए परिजन
हादसे के बाद साथ में मौजूद रिश्तेदारों ने तुरंत उन्हें पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद परिजन उन्हें घर ले आए। लेकिन रविवार दोपहर अचानक उनकी हालत बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज लेकर पहुंचे।
डॉक्टर ने किया मृत घोषित
सीएचसी कायमगंज में ड्यूटी पर तैनात डॉ. विपिन ने जांच के बाद नीरज को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम छा गया।
पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
परिजनों के अनुसार नीरज अपने सात भाई-बहनों में सबसे बड़े थे। उनके परिवार में पत्नी मंजू देवी, 15 वर्षीय बेटी पलक और 10 वर्षीय बेटा कृष्ण हैं। अचानक हुई इस घटना से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


