कंपिल (फर्रुखाबाद)। थाना क्षेत्र के एक गांव में कथित दुष्कर्म के मामले में कार्रवाई न होने से आहत एक किशोरी ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। मामले में पुलिस ने देर रात दो नामजद और पांच अज्ञात आरोपितों के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पीड़िता के अनुसार करीब एक सप्ताह पहले वह शाम के समय अपने पिता को खेत पर खाना देने गई थी। इसी दौरान वह खेत के पास स्थित एक बाग में शौच के लिए चली गई। आरोप है कि उसी समय पड़ोसी गांव निवासी सुमित और प्रभात वहां पहुंच गए और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के अनुसार चीख-पुकार की आवाज सुनकर उसके पिता मौके पर पहुंच गए, जिन्हें देखकर आरोपित फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़िता अपने स्वजनों के साथ थाने पहुंची और आरोपितों के खिलाफ तहरीर दी। आरोप है कि एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की और समझौते के लिए दबाव बनाया जाने लगा। इससे क्षुब्ध होकर किशोरी ने शनिवार देर शाम जहरीला पदार्थ खा लिया।
उधर पुलिस का कहना है कि घटना चार दिन पहले की है और उसी दौरान दोनों पक्षों के बीच मारपीट भी हुई थी, जिसमें दूसरे पक्ष का एक युवक घायल हो गया था। इस मामले में पुलिस ने पहले पीड़ित पक्ष के चार और दूसरे पक्ष के दो लोगों का शांति भंग में चालान किया था।
रविवार सुबह पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर दो नामजद और पांच अज्ञात आरोपितों के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है और आरोपितों की तलाश में जुटी है।
ग्रामीणों के अनुसार सोशल मीडिया पर एक ऑडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें मारपीट की घटना को छेड़छाड़ और दुष्कर्म के मामले में मोड़ने के लिए दबाव बनाने की बात कही जा रही है। हालांकि इस ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
थाना प्रभारी नितिन कुमार ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। आरोपितों की तलाश की जा रही है तथा जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


