बच्चों द्वारा छत्ता हिलाने पर भड़की मधुमक्खियां, सभी को जिला अस्पताल भेजा गया
मैनपुरी। बेवर थाना क्षेत्र के फतेहपुर गनी गांव में खेत पर काम कर रहे लोगों पर अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इस घटना में 3 मासूम बच्चों सहित कुल 9 लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार खेत के पास पेड़ पर मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता लगा हुआ था।
बताया जा रहा है कि कुछ बच्चों ने खेल-खेल में मधुमक्खियों के छत्ते को हिला दिया, जिसके बाद मधुमक्खियां भड़क गईं और वहां मौजूद लोगों पर झुंड बनाकर हमला कर दिया।
हमले से खेत में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कई लोगों को मधुमक्खियों ने डंक मार दिए, जिससे वे घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और ग्रामीण घायलों को तुरंत उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां सभी का इलाज किया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि खेतों और बागों में लगे मधुमक्खियों के छत्तों से अक्सर खतरा बना रहता है, इसलिए प्रशासन को ऐसे स्थानों पर सावधानी के उपाय करने चाहिए।


