तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा, महिला उपनिरीक्षक को सौंपी गई जांच
फर्रुखाबाद। जनपद के कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र में एक युवती को फोन कर बुलाने के बाद खेत में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र के एक गांव निवासी करीब 20 वर्षीय युवती ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि बीते 4 मार्च को गांव का ही रहने वाला युवक रघुनाथ उर्फ छोटेलाल पुत्र रमेश यादव उर्फ करुआ ने उसे फोन कर मिलने के लिए बुलाया था। युवती के अनुसार आरोपी उसे बहला-फुसलाकर गांव के बाहर गेहूं के खेत में ले गया, जहां उसने जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद वह किसी तरह घर पहुंची और पूरी जानकारी अपने परिजनों को दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। इसके बाद परिजन युवती को लेकर कोतवाली फतेहगढ़ पहुंचे और पुलिस को लिखित तहरीर दी।
पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी रघुनाथ उर्फ छोटेलाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी विवेचना महिला उपनिरीक्षक नीतू यादव को सौंपी गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं घटना को लेकर क्षेत्र में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है।






