शाहजहांपुर। तहसील सदर में शनिवार को जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। समाधान दिवस में कुल 35 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से पांच का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस, आईजीआरएस और अन्य माध्यमों से मिलने वाली शिकायतों की जांच के दौरान संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर शिकायतकर्ता की मौजूदगी में समस्या का निस्तारण करें और जीपीएस लोकेशन के साथ फोटो भी लें।
साथ ही आईजीआरएस पोर्टल पर मौके पर लिया गया फोटो अनिवार्य रूप से अपलोड किया जाए। जिलाधिकारी ने आईजीआरएस शिकायतों को गलत तरीके से स्पेशल क्लोज किए जाने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि ऐसा पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि समाधान दिवस में आने वाले लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए स्थलीय निरीक्षण कर उनका समाधान कराया जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार पांडे समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


