दिल्ली में गृह मंत्रालय में अकाउंट ऑफिसर रहते हुए की तैयारी, परिवार में खुशी की लहर
शाहजहांपुर जनपद के तिलहर निवासी प्रिया सिंह चौहान ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में 45वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। इससे पहले वह दिल्ली में गृह मंत्रालय में अकाउंट ऑफिसर के पद पर कार्यरत थीं। प्रिया की इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। प्रिया सिंह चौहान पूर्व बीडीओ स्व. कृपाल सिंह की नातिन और प्रमोद सिंह की भांजी हैं।
उन्होंने वर्ष 2022 में गृह मंत्रालय, दिल्ली में अकाउंट ऑफिसर के रूप में कार्यभार संभाला था। नौकरी के साथ ही उन्होंने सिविल सेवा की तैयारी जारी रखी और अपने आईएएस बनने के सपने को साकार कर दिखाया। प्रिया के पिता रविंद्र सिंह चौहान इलेक्ट्रिकल इंजीनियर के पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं, जबकि उनकी माता कमलेश चौहान हैं।
उनके बड़े भाई शांतनु सिंह चौहान रेडियोलॉजिस्ट हैं और अपने अस्पताल में सेवाएं दे रहे हैं। प्रिया की इस सफलता पर काशीपुर में उनके माता-पिता और भाई के साथ-साथ तिलहर में पेट्रोल पंप मालिक मामा प्रमोद कुमार सिंह समेत सभी परिजनों और शुभचिंतकों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी।


