– मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रेस वार्ता में दी जानकारी, बीएलओ से संपर्क के लिए ‘Book Call With BLO’ सुविधा शुरू
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर -2026) के तहत मतदाता सूची से जुड़े दावा-आपत्ति की अवधि समाप्त हो गई है। इस संबंध में मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश ने शनिवार को लोकभवन स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस वार्ता कर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
प्रेस वार्ता में बताया गया कि एसआईआर -2026 के दौरान फॉर्म-6 के कुल 86 लाख 69 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं। फॉर्म-6 का उपयोग नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए किया जाता है।
इसके अलावा फॉर्म-7 के तहत 2,68,682 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जो मतदाता सूची से नाम हटाने या आपत्ति दर्ज कराने से संबंधित हैं। अधिकारियों ने बताया कि विशेष अभियान की तिथियों के दौरान फॉर्म-6 की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए ‘बुक कॉल बिद बीएलओ ’ की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई है। इसके माध्यम से मतदाता सीधे अपने बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ ) से संपर्क कर अपनी समस्याओं या जानकारी से संबंधित प्रश्न पूछ सकते हैं।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को अधिक से अधिक सटीक, पारदर्शी और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से यह विशेष पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है, ताकि पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित रूप से दर्ज हो सके।
निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने नाम और विवरण की जांच समय-समय पर करते रहें, जिससे मतदान के समय किसी प्रकार की असुविधा न हो।
एसआईआर -2026 : दावा-आपत्ति की अवधि समाप्त, फॉर्म-6 के 86.69 लाख आवेदन प्राप्त


