आगरा। जिले के फतेहाबाद थाना क्षेत्र में बदमाशों ने एक किसान से दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने किसान की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर उसके थैले में रखे करीब 8 लाख रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार किसान तहसील से अपने खेत का बैनामा कराकर वापस लौट रहा था। उसी दौरान रास्ते में बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसे घेर लिया। बदमाशों ने पहले किसान की आंखों में मिर्च पाउडर डाला और फिर उसके पास मौजूद पैसों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
आगरा में किसान से 8 लाख की लूट, आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर वारदात


