24 C
Lucknow
Friday, March 6, 2026

तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दो दोस्तों की मौत, 15 फीट उछलकर सड़क पर गिरे

Must read

इटावा। भरथना-बकेवर रोड पर गुरुवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक करीब 15 फीट तक हवा में उछल गए और कार की छत से टकराकर सड़क पर जा गिरे। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार सवार तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार भरथना कस्बे के मोहल्ला महावीर नगर निवासी 30 वर्षीय कन्हैया पोरवाल अपने मित्र 25 वर्षीय आकाश सविता के साथ गुरुवार सुबह लखना क्षेत्र में एक रिश्तेदारी में गए थे। वहां भोजन करने के बाद दोनों बाइक से वापस भरथना लौट रहे थे। जब उनकी बाइक भरथना-बकेवर रोड पर ग्राम मोढ़ी के पास पहुंची, तभी सामने से करीब 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आ रही कार ने लापरवाही से बाइक में सीधी टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक करीब 15 फीट तक हवा में उछल गए और कार की छत से टकराकर दूर सड़क पर जा गिरे। हादसे में दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। बताया गया है कि दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं लगाया था, जिससे सिर पर गंभीर चोट लगने से उनकी जान चली गई।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक कन्हैया के पिता अरुण पोरवाल मौके पर पहुंच गए और उन्होंने दोनों युवकों की पहचान अपने पुत्र कन्हैया और उसके मित्र आकाश के रूप में की। उन्होंने बताया कि वह कस्बे के मुख्य चौराहे पर हलवाई का ठेला लगाते हैं, जिसमें कन्हैया उनका हाथ बंटाता था। समय मिलने पर वह कस्बे की एक सर्राफा दुकान पर भी काम करता था। वहीं आकाश सविता नाई का काम करता था और परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करता था।

दोनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही महावीर नगर मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। आकाश के पिता और भाई चंदन समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं कन्हैया की मां संतोषी देवी, भाई मोहित और अन्य परिजन भी गहरे सदमे में हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी रामदवन मौर्य और थाना प्रभारी विक्रम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने टक्कर मारने वाली कार को कब्जे में ले लिया है और उसमें सवार तीन युवकों को हिरासत में लेकर थाने में पूछताछ की जा रही है। साथ ही दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article