– शाहजहांपुर के बण्डा चौराहे पर शराब के नशे में दरोगा ने कई लोगों को टक्कर मारी, मौके पर मचा हंगामा
शाहजहांपुर। जनपद के थाना बण्डा क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कथित तौर पर नशे में धुत एक दरोगा ने अपनी कार से कई लोगों को टक्कर मार दी। घटना बण्डा चौराहे की बताई जा रही है, जहां दरोगा तेज रफ्तार कार लेकर पहुंचा और लापरवाही से वाहन चलाते हुए कई राहगीरों को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दरोगा नशे की हालत में था और कार को अनियंत्रित तरीके से चला रहा था। अचानक हुई इस घटना से मौके पर मौजूद लोगों में गुस्सा भड़क गया। आक्रोशित भीड़ ने दरोगा को घेर लिया और उसके साथ हाथापाई भी कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दरोगा को भीड़ से बचाकर अपने कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि इस घटना में कुछ लोगों को हल्की चोटें भी आई हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है और यदि दरोगा की गलती पाई जाती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


