– विचार परिवार के समन्वय को लेकर पंडित दीनदयाल विद्यालय में जुटेंगे भाजपा और सहयोगी संगठनों के प्रमुख नेता
कानपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आज कानपुर दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान वह विचार परिवार की महत्वपूर्ण समन्वय बैठक में हिस्सा लेंगे। इस बैठक में भारतीय जनता पार्टी और उससे जुड़े विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी शामिल होकर संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करेंगे।
जानकारी के अनुसार यह बैठक आज सुबह करीब 11 बजे पंडित दीनदयाल विद्यालय में आयोजित की जाएगी। बैठक में संगठन की रणनीति, आगामी कार्यक्रमों और विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर विचार-विमर्श होने की संभावना है।
बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मौजूद रहेंगे। उनके साथ प्रदेश महामंत्री धर्मपाल सिंह सहित पार्टी और विचार परिवार से जुड़े कई प्रमुख पदाधिकारी बैठक में शिरकत करेंगे।
बताया जा रहा है कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन और उससे जुड़े विभिन्न संगठनों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है, ताकि आने वाले समय में सामाजिक और राजनीतिक कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से संचालित किया जा सके।
मुख्यमंत्री के कानपुर आगमन को लेकर प्रशासन और संगठन स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है और कार्यक्रम स्थल पर अधिकारियों की तैनाती की गई है।
बैठक को संगठनात्मक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसमें प्रदेश की राजनीतिक और सामाजिक परिस्थितियों को लेकर भी मंथन होने की संभावना है।


