– ड्यूटी के बाद पुलिसकर्मियों ने मनाया होली मिलन समारोह, अफसरों और जवानों ने एक-दूसरे को लगाया गुलाल
लखनऊ। राजधानी में होली के अवसर पर पुलिसकर्मियों ने भी उत्साह और उमंग के साथ त्योहार का आनंद लिया। हजरतगंज थाने में होली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस अफसरों और जवानों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
दरअसल होली के दिन पुलिसकर्मी कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने में व्यस्त रहते हैं। ऐसे में ड्यूटी पूरी होने के बाद पुलिस विभाग की ओर से होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, ताकि जवान भी त्योहार की खुशियों में शामिल हो सकें।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने जवानों के साथ रंग और गुलाल से होली खेली। माहौल पूरी तरह उत्साह और भाईचारे से भरा नजर आया। कार्यक्रम के दौरान सफेद कुर्ता, पजामा और पगड़ी पहने पुलिसकर्मी पारंपरिक अंदाज में नजर आए, जिसने आयोजन की शोभा को और बढ़ा दिया।
होली मिलन के बाद पुलिसकर्मियों द्वारा एक शोभायात्रा भी निकाली जा रही है, जो हजरतगंज थाना परिसर से निकलकर रिजर्व पुलिस लाइन तक जाएगी। बताया जा रहा है कि पुलिस लाइन में भी जवानों के साथ धूमधाम से होली खेली जाएगी।
इस आयोजन के माध्यम से पुलिसकर्मियों ने यह संदेश दिया कि जिम्मेदारियों के साथ-साथ त्योहारों की खुशियों को भी मिलकर मनाना जरूरी है। पुलिस विभाग का यह आयोजन राजधानी में आकर्षण का केंद्र बना रहा और लोगों ने भी पुलिसकर्मियों की इस रंगीन होली को सराहा।


