– आईवी काउंटी सोसाइटी में मुलाकात के दौरान हुआ विवाद, महिला के भाई ने मारी गोली; पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया
नोएडा। एन सी आर में एक रिहायशी सोसाइटी के अंदर हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सेक्टर-75 स्थित आईवी काउंटी सोसाइटी में 39 वर्षीय साहिल सिंघल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार साहिल सिंघल का एक महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जा रहा है कि महिला अपने भाइयों के साथ साहिल से मिलने सोसाइटी में आई थी। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी और विवाद हो गया।
विवाद इतना बढ़ गया कि महिला के एक भाई ने गुस्से में आकर साहिल सिंघल को गोली मार दी। गोली लगने से साहिल गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सोसाइटी में हड़कंप मच गया और लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-113 पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना के पीछे प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद सामने आ रहा है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना के पूरे क्रम को स्पष्ट किया जा सके।
इस सनसनीखेज हत्या ने नोएडा के इस पॉश इलाके में सुरक्षा को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।


