– शादी का झांसा देकर ले गया था साथ, महिगवां पुलिस ने मवईकला चौराहे से आरोपी को दबोचा
लखनऊ। राजधानी में नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने नाबालिग को शादी का झांसा देकर अपने साथ भगा लिया था।
जानकारी के अनुसार महिगवां थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और तलाश अभियान चलाया।
जांच के दौरान पुलिस ने मवईकला चौराहे से आरोपी सतीश को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी बाराबंकी जिले का निवासी है और वह नाबालिग को अपने साथ ले जा रहा था।
पुलिस ने नाबालिग पीड़िता को सुरक्षित बरामद कर सकुशल उसके परिजनों के हवाले कर दिया। घटना के बाद परिवार ने राहत की सांस ली।
महिगवां पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने कहा कि नाबालिगों से जुड़े मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।


