होली के गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सभी का मन मोह लिया

उरई (जालौन)। नगर के ऑक्सफोर्ड अकैडमी स्कूल उरई में होली का पर्व बड़े ही उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर रंग-बिरंगे अबीर-गुलाल और खुशियों की फुहार से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई, जिसके बाद विद्यार्थियों ने होली के गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सभी का मन मोह लिया।
विद्यालय के डायरेक्टर सोमेश सोमेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए होली के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारा और सद्भाव का प्रतीक है। उन्होंने बच्चों को आपसी मतभेद भुलाकर एक-दूसरे के प्रति स्नेह और सम्मान का भाव रखने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल होली मनाने के लिए जागरूक भी किया गया। बच्चों को बताया गया कि प्राकृतिक रंगों का प्रयोग करें और जल संरक्षण का विशेष ध्यान रखें। कार्यक्रम के दौरान सभी विद्यार्थियों को होली के रंगों के साथ मिठाइयों का वितरण किया गया, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह देखा गया। होली उत्सव में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी विद्यार्थियों के साथ सहभागिता करते हुए रंगों की खुशियां साझा कीं। विद्यालय की प्रबंधक शशि सोमेंद्र सिंह ने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास और सामाजिक मूल्यों के संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के दौरान रंजना सिंह, रुखसार सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here