कासगंज के बिलराम कस्बे में एक महिला पर धारदार हथियार से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार एकतरफा प्रेम में परेशान कर रहे युवक ने घटना को अंजाम दिया।
घायल महिला की पहचान 40 वर्षीय सीमा पत्नी रवि के रूप में हुई है। सीमा ने बताया कि वह बिलराम की रहने वाली है और अपने भाई-बहनों के साथ दिल्ली में रहती है। दो दिन पहले वह दिल्ली से अपने मायके बिलराम आई थी।
सोमवार को जब सीमा बकरियां चराने खेतों की ओर गई, तभी बिलराम निवासी आरोपी शहजाद उर्फ जुगनू ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने उसकी पीठ में दो बार वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया।
सीमा के अनुसार आरोपी पिछले डेढ़ साल से उस पर शादी का दबाव बनाकर परेशान कर रहा था। उसने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले उसके भाई जयपाल का निधन हुआ था, उस समय वह बिलराम आई थी। तभी से आरोपी उसे लगातार शादी के लिए दबाव बना रहा था।
सीमा ने बताया कि वह शनिवार को अपनी छोटी बहन का रिश्ता लेकर बिलराम आई थी। उसकी शादी वर्ष 2002 में एटा के अबागढ़ निवासी रवि से हुई थी, लेकिन वर्ष 2016 से वह अपने पति से अलग रहकर दिल्ली में रह रही है।
जिला अस्पताल के डॉक्टर अमित राजपूत ने बताया कि महिला की पीठ पर दो गहरे घाव थे और उसका उपचार कर दिया गया है। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। एएसपी सुशील कुमार ने कहा कि महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।.


