अल्हागंज थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। फर्रुखाबाद रोड पर तेज रफ्तार डीसीएम ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार दहेना गांव निवासी रविराज यादव अपने पुत्र पियूष यादव के साथ ई-रिक्शा से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान फर्रुखाबाद रोड पर सामने से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे में रविराज यादव और उनके पुत्र पियूष यादव की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं हादसे में समापुर गांव निवासी मुन्ना लाल और उनके पुत्र सर्वजीत गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज शाहजहांपुर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने डीसीएम चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है। इस हृदयविदारक हादसे के बाद दहेना गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।


