स्टॉक की जांच, सड़कों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान
औरैया। होली के त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद के बेला कस्बे में प्रशासन और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने शराब ठेकों पर औचक छापेमारी की। त्योहार के मद्देनजर अवैध शराब की तस्करी और ओवररेटिंग पर रोक लगाने के लिए यह विशेष अभियान चलाया गया।
अधिकारियों ने देशी व अंग्रेजी शराब के ठेकों पर पहुंचकर उपलब्ध स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया। बिक्री रजिस्टर और स्टॉक रजिस्टर का मिलान कर यह सुनिश्चित किया गया कि कहीं अवैध भंडारण या अनियमितता तो नहीं है। दुकानदारों को निर्धारित मूल्य पर ही बिक्री करने के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में पुलिस ने कस्बे के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया। संदिग्ध वाहनों को रोककर पूछताछ की गई तथा गाड़ियों की तलाशी ली गई। दोपहिया और चारपहिया वाहनों के दस्तावेजों की भी जांच की गई।
प्रशासन का कहना है कि त्योहारों के दौरान अवैध शराब की तस्करी और मिलावटी शराब की आशंका बढ़ जाती है, जिससे जनस्वास्थ्य पर खतरा मंडरा सकता है। इसी को देखते हुए सख्ती बरती जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के कारोबार में लिप्त पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। होली के अवसर पर कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here