32.4 C
Lucknow
Sunday, March 1, 2026

युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में दी जान, पीछे छूटा रोता-बिलखता परिवार

Must read

फर्रुखाबाद। जनपद के थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम लखनपुर में बुधवार देर रात उस समय कोहराम मच गया जब 22 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर में मिला। घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम लखनपुर निवासी अंकित (22) पुत्र बालकिशन जाटव मंडी समिति की एक आढ़त पर काम करता था। वह मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। अंकित अपने पीछे पत्नी रूबी, ढाई वर्ष पूर्व विवाहिता, 9 माह की मासूम बेटी सिद्धि सहित बड़ा परिवार छोड़ गया है। मृतक के परिवार में छोटे भाई-बहन शिवम (18), सुरजीत (17), सुशांत (16), इशू (12) और बहन ईशा (8) भी हैं। घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों के अनुसार अंकित की शादी लगभग ढाई वर्ष पहले राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव कुसमापुर निवासी रूबी के साथ हुई थी। दंपति के बीच अक्सर घरेलू विवाद होता रहता था। बताया गया कि मंगलवार को किसी बात को लेकर कहासुनी होने के बाद पत्नी रूबी अपनी 9 माह की बेटी सिद्धि को लेकर मायके चली गई थी। बुधवार को ससुराल पक्ष के लोग उसे वापस लाने के लिए गए थे।
इसी बीच अंकित बुधवार देर शाम अपने पिता के साथ काकरनगर भगौतीपुर में आयोजित एक 13वीं की दावत में शामिल होने गया था। परिजनों का कहना है कि दावत से लौटने के बाद वह सामान्य दिख रहा था, लेकिन देर रात उसने यह कदम क्यों उठाया, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। सुबह जब परिजनों ने उसे कमरे में संदिग्ध अवस्था में देखा तो चीख-पुकार मच गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक पूछताछ की। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।
घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। मासूम बच्ची सिद्धि के सिर से पिता का साया उठ जाने से हर किसी की आंखें नम हैं। ग्रामीणों का कहना है कि घरेलू विवादों को समय रहते सुलझा लिया जाए तो ऐसी दुखद घटनाओं से बचा जा सकता है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article