सीबीआई केस में बरी होने के बाद पहली सार्वजनिक उपस्थिति मनीष सिसोदिया संजय सिंह रहे साथ
नई दिल्ली। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविन्द केजरीवाल ने शनिवार को राजधानी स्थित कनॉट प्लेस के हनुमान टेम्पल में पूजा-अर्चना की। उनके साथ पत्नी सुनीता केजरीवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया , आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
यह पूजा कार्यक्रम ऐसे समय में हुआ है जब एक दिन पहले ही दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट ने दिल्ली आबकारी नीति मामले में सीबीआई द्वारा दर्ज केस में केजरीवाल, सिसोदिया समेत 23 आरोपियों को आरोपों से मुक्त कर दिया था। अदालत के फैसले के बाद यह केजरीवाल की पहली सार्वजनिक धार्मिक उपस्थिति मानी जा रही है।
शुक्रवार शाम को केजरीवाल ने पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा था कि उनके खिलाफ राजनीतिक षड्यंत्र रचा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इशारे पर उनकी सरकार को बदनाम करने की कोशिश की गई। केजरीवाल ने कहा, “मैंने जिंदगी में सिर्फ ईमानदारी कमाई है और कोर्ट ने इसे साबित कर दिया।”
गौरतलब है कि वर्ष 2021-22 की दिल्ली आबकारी नीति को लेकर विवाद खड़ा हुआ था। आरोप लगाए गए कि नई नीति के तहत शराब लाइसेंस जारी करने और लाभांश (मार्जिन) तय करने में अनियमितताएं की गईं, जिससे कुछ निजी कारोबारियों को अनुचित लाभ पहुंचा। विपक्षी दलों ने इसे घोटाला करार दिया था। बढ़ते विवाद और जांच के बीच दिल्ली सरकार ने बाद में इस नीति को वापस ले लिया था।
सीबीआई द्वारा दर्ज मामले में अदालत ने पर्याप्त साक्ष्य न मिलने पर आरोपियों को बरी कर दिया है। हालांकि प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा दर्ज मनी लॉन्ड्रिंग का मामला अभी अदालत में विचाराधीन है और उस पर अंतिम निर्णय आना बाकी है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अदालत के फैसले के बाद आम आदमी पार्टी आगामी चुनावी रणनीति को और आक्रामक रूप दे सकती है।





