लखनऊ। राजधानी के आशियाना इलाके में पैथोलॉजी संचालक एवं शराब कारोबारी मानवेंद्र सिंह (49) की हत्या के मामले में चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। पुलिस जांच में स्पष्ट हुआ है कि यह वारदात किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उनके बेटे अक्षत ने ही शराब के नशे में अंजाम दी। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि घटना की रात वह और उसके पिता दोनों ही नशे में थे। किसी कार्यक्रम से लौटे मानवेंद्र ने बेटे को कथित रूप से भला-बुरा कहा, जिससे आहत होकर अक्षत ने पिता की लाइसेंसी राइफल से गोली चला दी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गोली मारने के बाद आरोपी ने साक्ष्य मिटाने की सुनियोजित कोशिश की। उसने शव के हाथ-पैर काटकर पॉलिथीन में भर नादरगंज क्षेत्र की नहर किनारे झाड़ियों में फेंक दिए, जबकि धड़ को नीले ड्रम में बंद कर घर में छिपाए रखा। पुलिस को गुमराह करने के लिए उसने खुद ही पिता की गुमशुदगी दर्ज कराई। हत्या में प्रयुक्त चाकू और आरी को ट्रांसपोर्टनगर रेलवे ट्रैक के पास कूड़े में फेंक दिया तथा अनौरा के जंगल में खून सनी चादर व बिस्तर जलाने की बात भी स्वीकार की।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लाइसेंसी राइफल, एक कारतूस, तीन खोखा, कारतूस की पेटी, खून से सना कॉटन, दो आरी, दो चाकू, नीला ड्रम, खून सनी रजाई, कालीन, कपड़े, चादर और प्लास्टिक पन्नी बरामद की है। फोरेंसिक टीम साक्ष्यों की विस्तृत जांच कर रही है।
इधर, जेल में बंद आरोपी की मानसिक स्थिति को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। जेल प्रशासन के अनुसार, अक्षत पहली रात सो नहीं सका और पूरी रात बड़बड़ाता रहा। उसे जेल अस्पताल में चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। काउंसिलिंग भी कराई जा रही है। गुरुवार दोपहर उसने थोड़ा भोजन किया, लेकिन रात में फिर खाने से इनकार कर दिया। निगरानी के लिए दो कर्मचारियों को तैनात किया गया है।
मामले का एक मार्मिक पक्ष भी सामने आया है। जेल भेजे जाने से पहले अक्षत ने अपनी छोटी बहन कृति से मिलने की इच्छा जताई। बहन के थाने पहुंचने पर वह उससे लिपटकर रो पड़ा। उसने बहन के खाते में 22 हजार रुपये होने की जानकारी दी और उसमें से छह हजार रुपये वर्धमान पैथालॉजी के एक क्लर्क को वेतन देने को कहा। कृति, जिसने पहले मां और अब पिता को खो दिया, इस घटना के बाद से सदमे में है और किसी से बातचीत नहीं कर रही।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है और सभी साक्ष्य मजबूत हैं। चार्जशीट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस सनसनीखेज हत्याकांड ने शहर में पारिवारिक रिश्तों, नशे की लत और मानसिक तनाव को लेकर नई बहस छेड़ दी है।




