मैनपुरी। शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित यादव मार्केट में देर रात अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। आग तेजी से फैलती हुई एक नर्सिंग होम, ई-रिक्शा गैरेज और पास के गोदाम तक पहुंच गई। देखते ही देखते लपटों ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया और आसपास के दुकानदारों में दहशत फैल गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि उसे काबू में करने में दमकल कर्मियों को करीब डेढ़ से ढाई घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। दमकल टीम ने आसपास की दुकानों और रिहायशी इलाकों तक आग फैलने से रोकने के लिए पानी की लगातार बौछार की।
प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन नर्सिंग होम में रखे उपकरण, गैरेज में खड़े ई-रिक्शा और गोदाम में रखा सामान जलकर राख हो गया।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार इस आगजनी में लगभग 25 लाख रुपये के नुकसान की आशंका है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा और अग्निशमन व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय व्यापारियों ने प्रशासन से अग्नि सुरक्षा उपायों को मजबूत करने और नियमित जांच अभियान चलाने की मांग की है।
यादव मार्केट में भीषण आग, नर्सिंग होम, ई-रिक्शा गैरेज और गोदाम जले; 25 लाख के नुकसान की आशंका


