मिर्जापुर (शाहजहांपुर) थाने की पुलिस छोटे छोटे विवादों को गंभीरता से नहीं ले रही है। यही नहीं एसडीएम और डीएम के निर्देशों को भी नजरंदाज करना मिर्जापुर पुलिस की आदत बन गई है। पुलिस की लापरवाही कभी भी किसी बड़ी घटना का कारण बन सकती है।
ऐसा ही एक मामला क्षेत्र के ग्राम जरियनपुर का है। जरियनपुर गांव निवासी गंगा सिंह,आशीष कुमार,गौरव यादव,हिमांशु सिंह व शोभित कुमार आदि ने बताया कि गांव के स्कूल मार्ग (सीसी रोड) पर गांव के एक दबंग परिवार ने अपना ट्रेक्टर खड़ा करने के साथ ही पशुओं को चारा खिलाने के लिए चन्नी बनाकर सीसी रोड पर पशुओं को बांधकर आम रास्ता अवरुद्ध कर दिया गया है।
ग्रामीणों ने आम रास्ते पर पशु बांधकर अवरुद्ध किए जाने की शिकायत सबसे पहले थाना पुलिस से की। किंतु पुलिस ने ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया। परेशान ग्रामीणों ने एसडीएम कलान को प्रार्थना पत्र देकर आम रास्ते को अतिक्रमण मुक्त करवाए जाने की मांग की। एसडीएम ने ग्रामीणों की शिकायत की जांच हल्का लेखपाल से करवाई। जांच में शिकायत की पुष्टि होने पर एसडीएम ने थाना पुलिस को सीसी रोड को अतिक्रमण मुक्त करवाए जाने के निर्देश दिए। किंतु पुलिस ने एसडीएम के निर्देश पर भी आम रास्ते में बनी चन्नी को हटवाकर अतिक्रमण मुक्त नहीं करवाया।
परेशान ग्रामीणों ने विगत दिवस कलान तहसील में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में भी प्रार्थना पत्र देकर सीसी रोड पर किए गए अतिक्रम को हटवाए जाने की गुहार की। तहसील समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने भी सीसी रोड से अतिक्रमण हटवाए जाने के निर्देश मिर्ज़ापुर थाना पुलिस को दिए।
ग्रामीणों का आरोप है कि मिर्ज़ापुर पुलिस ने डीएम के आदेश को भी रद्दी की टोकरी में डाल दिया।शिकायतकर्ताओं का कहना है कि सीसी रोड पर बंधे पशुओं से टकराकर कई लोग घायल हो चुके हैं। बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। फिर भी मिर्जापुर पुलिस सीसी रोड से अतिक्रमण हटवाने को तैयार नहीं है। जिससे ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की यह लापरवाही कभी भी किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकती है।


