31 C
Lucknow
Friday, February 27, 2026

500 रुपये के विवाद में सास की कुल्हाड़ी से हत्या, नाबालिग बहू गिरफ्तार

Must read

वाराणसी। मामूली आर्थिक विवाद ने भयावह रूप ले लिया। फूलपुर थाना क्षेत्र के कठिरांव बाजार स्थित चौकी कठिरांव लाठियां अंतर्गत एक घर में नाबालिग बहू ने अपनी सास की कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर घटना का खुलासा करते हुए आरोपी बहू और घटना के समय मौजूद एक पड़ोसी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 25 फरवरी को कठिरांव लाठियां निवासी आशा देवी का शव उनके घर में रक्तरंजित अवस्था में मिला था। मृतका के पति की तहरीर पर फूलपुर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य संकलित किए। घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली गई थी।
जांच में सामने आया कि घटना की शुरुआत गिरवी रखे गए शादी के लॉकेट को छुड़ाने के दौरान हुई। पूछताछ में नाबालिग बहू ने बताया कि वह अपनी सास के साथ भागीरथी भट्ठे से कठिरांव बाजार आई थी। दोनों ने बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा से दो हजार रुपये निकाले और सराफा की दुकान पर गिरवी रखे लॉकेट को छुड़ाने पहुंचीं। दुकानदार द्वारा 500 रुपये कम बताने पर लॉकेट नहीं मिल सका। इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई।
आरोपी बहू ने पुलिस को बताया कि उसकी सास उसे प्रताड़ित करती थी और उसकी जमा रकम अपनी बेटी को दे देती थी, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहती थी। घर लौटने के बाद विवाद बढ़ गया और आवेश में आकर उसने पास में रखी कुल्हाड़ी से सास पर कई वार कर दिए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के दौरान एक पड़ोसी युवक के भी वहां मौजूद होने की बात सामने आई है। पुलिस उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है।
गोमती जोन के डीसीपी आकाश पटेल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पैसों के लेनदेन और पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच सभी पहलुओं पर की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोग घरेलू विवाद के इस खौफनाक अंत से स्तब्ध हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article