बक्सर/बलिया: खुशियों से सजा शादी का मंडप उस समय चीख-पुकार में बदल गया, जब जयमाला के दौरान सिरफिरे आशिक ने दुल्हन को गोली मार दी। वारदात उस वक्त हुई जब दुल्हन स्टेज पर दूल्हे को जयमाला पहनाने जा रही थी। अचानक चली गोली से अफरा-तफरी मच गई और समारोह रुक गया। बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के बलिया से बारात बिहार के बक्सर आई थी।
जयमाला की रस्म चल ही रही थी कि पड़ोस के युवक दिनबंधु ने दुल्हन के पेट में गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। गोली लगते ही दुल्हन स्टेज पर गिर पड़ी। परिजन और बाराती उसे तुरंत स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों की टीम उसकी हालत पर नजर बनाए हुए है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। उधर, घटना के बाद शादी की सभी रस्में रोक दी गईं और दूल्हा पक्ष बिना शादी के ही वापस लौट गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


