फर्रुखाबाद: आगामी होली (Holi) पर्व को देखते हुए मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने गुरुवार को जनपद में सघन छापामार अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए तथा 20 किलोग्राम चिप्स सीज किए गए।
यह कार्रवाई आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उ०प्र० लखनऊ तथा जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी के आदेशों के अनुपालन में की गई। अभियान का नेतृत्व सहायक आयुक्त (खाद्य)-II अजीत कुमार ने किया, जबकि मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय प्रधान के पर्यवेक्षण में खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवदास सिंह, संजय कुमार सिंह एवं बृज मोहन गुप्ता की टीम ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की।
नवाबगंज चौराहा पर चिप्स सीज
छापामार टीम ने नवाबगंज चौराहा स्थित खाद्य प्रतिष्ठान, जहां खाद्य कारोबारकर्ता राधेश्याम गुप्ता पुत्र दरवारीलाल द्वारा चिप्स का विक्रय किया जा रहा था, वहां से चिप्स का एक नमूना जांच हेतु संकलित किया। नमूना लेने के उपरांत शेष बचे लगभग 20 किलोग्राम चिप्स, जिनकी अनुमानित कीमत 1600 रुपये बताई गई, को नियमानुसार सीज कर दिया गया।
खोया, सरसों तेल और बेसन के नमूने भी लिए गए
इसी क्रम में नवाबगंज स्थित एक अन्य प्रतिष्ठान, जहां खाद्य कारोबारकर्ता गोपाल जोशी पुत्र रामरतन जोशी द्वारा खोया बेचा जा रहा था, वहां से खोया का एक नमूना लिया गया। बबना तिराहा, नवाबगंज स्थित प्रतिष्ठान पर रामजी राठौर पुत्र मेघनाथ सिंह के यहां से सरसों के तेल का नमूना संकलित किया गया। वहीं नवाबगंज तिराहा, बरतल स्थित प्रतिष्ठान पर सुमित पुत्र दिनेश चन्द्र के यहां से बेसन का नमूना जांच के लिए लिया गया।
प्रयोगशाला में होगी जांच, मिलावट मिलने पर सख्त कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि सभी संकलित नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि खाद्य पदार्थ मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए तो संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
त्योहारों पर मिलावटखोरों पर विशेष निगरानी
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि होली जैसे त्योहारों पर मिठाई, नमकीन, तेल, रंगीन खाद्य पदार्थों आदि की मांग बढ़ जाती है, जिसका लाभ उठाकर कुछ लोग मिलावटी सामान बेचने का प्रयास करते हैं। ऐसे तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है।


