महोबा। कानपुर–सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों के चिराग बुझा दिए। विवाह समारोह में खाना बनाकर पैदल घर लौट रही पांच महिलाओं को पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने कुचल दिया। इस भीषण दुर्घटना में तीन महिलाओं की मौके और उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, शहर के मोहल्ला कल्याण सागर निवासी स्वर्गीय फूलचंद्र की पत्नी भगवती (50), डाकबंगला निवासी स्वर्गीय बालकिशन की पत्नी गीता (35), भटीपुरा निवासी शंभू की पत्नी तुलसिया (65), उनकी बहू राजकुमारी उर्फ कपूरी (40) तथा भटीपुरा निवासी कालीचरण की पत्नी श्यामारानी (40) कानपुर–सागर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित मीना पैलेस में आयोजित एक वैवाहिक कार्यक्रम में मजदूरी पर पूड़ी बनाने गई थीं।
रात करीब ढाई बजे कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी महिलाएं पैदल अपने घर लौट रही थीं। जैसे ही वे मां बड़ी चंद्रिका देवी मंदिर के पास पहुंचीं, तभी छतरपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन की रफ्तार अत्यधिक तेज थी, जिससे महिलाओं को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
हादसे में भगवती और श्यामारानी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल गीता ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं तुलसिया और उनकी बहू राजकुमारी की हालत नाजुक बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया गया है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना से मृतकों के परिवारों में मातम पसरा है। रोते-बिलखते परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं।
श्यामारानी के पुत्र संतोष ने पिकअप चालक के विरुद्ध कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह, क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह तथा कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से जानकारी ली। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी चालक की तलाश की जा रही है और दोषी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।





