20.1 C
Lucknow
Wednesday, February 25, 2026

ओवरलोड व बकाया कर पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 5 ट्रक सीज व 209 डीएल निलंबित

Must read

फर्रूखाबाद: ओवरलोड वाहनों और बकाया कर वाले ट्रकों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक अभियान चलाया। जिलाधिकारी फर्रूखाबाद आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत एवं यातायात प्रभारी सतेन्द्र कुमार की संयुक्त टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाकर नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर कड़ी कार्रवाई की।

अभियान के दौरान ओवरलोड माल ढोते पाए जाने पर 2 ट्रकों को मौके पर ही सीज कर दिया गया। इन वाहनों पर कुल 69 हजार रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया। वहीं बकाया कर के अभियोग में 3 अन्य ट्रकों को भी सीज किया गया, जिन पर कुल 95 हजार रुपये का कर बकाया पाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कर चोरी और ओवरलोडिंग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

परिवहन विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में जनवरी 2026 तक की गई प्रवर्तन कार्रवाई के आंकड़े भी उल्लेखनीय हैं। इस अवधि में ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध 218 वाहनों का चालान किया गया तथा 140 वाहनों को निरुद्ध किया गया। इन मामलों में 84.02 लाख रुपये प्रशमन शुल्क के रूप में वसूले गए। इसके अतिरिक्त वर्ष 2025 में ओवरलोडिंग के अभियोग में 209 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए जा चुके हैं, जो विभाग की सख्ती को दर्शाता है।

समग्र प्रवर्तन कार्रवाई की बात करें तो वित्तीय वर्ष 2025-26 में जनवरी 2026 तक कुल 3993 वाहनों का चालान किया गया तथा 879 वाहनों को निरुद्ध किया गया। इन कार्रवाइयों के माध्यम से 194.27 लाख रुपये प्रशमन शुल्क एवं 77.05 लाख रुपये कर के रूप में वसूले गए। इस प्रकार कुल 271.72 लाख रुपये का राजस्व विभाग द्वारा अर्जित किया गया है।

हालांकि, बड़ी संख्या में वाहनों के निरुद्ध किए जाने के कारण जनपद के विभिन्न थानों में खड़े वाहनों के लिए स्थान की कमी भी सामने आ रही है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में भी ओवरलोड और कर बकाया वाहनों के विरुद्ध और अधिक कठोर अभियान चलाया जाएगा, ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और राजस्व हानि पर रोक लगाई जा सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article