22.1 C
Lucknow
Wednesday, February 25, 2026

‘प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना’ को लेकर समीक्षा बैठक, युवाओं को रोजगार से जोड़ने के निर्देश

Must read

फर्रुखाबाद: युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी (District Magistrate) आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में भारत सरकार की प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (Prime Minister Development India Employment Scheme) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, व्यापक प्रचार-प्रसार तथा पात्र लाभार्थियों तक पहुंच सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि विकसित भारत रोजगार योजना का मुख्य उद्देश्य देश के युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा स्वरोजगार को बढ़ावा देना है। इसके अंतर्गत उद्योगों एवं निजी प्रतिष्ठानों को नए रोजगार सृजन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को गति मिले और बेरोजगारी में कमी आए।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि जनपद में योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाए। ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों तथा औद्योगिक इकाइयों तक योजना की जानकारी पहुंचाई जाए, जिससे पात्र युवा इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि योजना के तहत लाभार्थियों को कौशल विकास प्रशिक्षण, रोजगार से जोड़ने तथा उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा।

योजना की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि जो प्रतिष्ठान नए कर्मचारियों की नियुक्ति करेंगे, उन्हें प्रोत्साहन दिया जाएगा। साथ ही पहली बार रोजगार प्राप्त करने वाले कर्मचारियों को एक माह का वेतन (अधिकतम 15,000 रूपये तक) प्रदान किया जाएगा। नियोक्ताओं को अतिरिक्त रोजगार सृजन के लिए विशेष प्रोत्साहन मिलेगा तथा विनिर्माण क्षेत्र के लिए दो वर्षों तक विस्तारित लाभ का प्रावधान रखा गया है। इससे न केवल स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि औद्योगिक विकास को भी नई गति मिलेगी।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि योजना का लाभ अधिकतम युवाओं तक पहुंचाने के लिए समन्वित प्रयास किए जाएं। उन्होंने जनपद के युवाओं से अपील की कि वे आगे आकर योजना का लाभ उठाएं और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला उद्यान अधिकारी, जिला सेवायोजन अधिकारी एवं सहायक श्रमायुक्त, फर्रुखाबाद सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article