जलालाबाद: राष्ट्रीय आविष्कार योजना (National Invention Scheme) के तहत बेसिक शिक्षा विभाग, जलालाबाद द्वारा चयनित 100 छात्र-छात्राओं का शैक्षिक भ्रमण राजकीय मेडिकल कॉलेज (Government Medical College) एवं गन्ना शोध संस्थान परिषद में कराया गया। इस शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम का संचालन एवं मार्गदर्शन खंड शिक्षा अधिकारी शाहीन अंसारी के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
सर्वप्रथम छात्र-छात्राओं ने राजकीय मेडिकल कॉलेज जिगनेरा शाहजहांपुर का भ्रमण किया, जहाँ उन्हें मानव शरीर की संरचना का प्रत्यक्ष अध्ययन कराया गया। विद्यार्थियों को शरीर के वास्तविक (असली) अंगों से परिचित कराया गया तथा हृदय, मस्तिष्क, फेफड़े, यकृत सहित अन्य अंगों को दिखाकर उनकी बनावट, कार्यप्रणाली एवं महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने सरल भाषा में प्रत्येक अंग की उपयोगिता समझाई। साथ ही एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों से संवाद के माध्यम से बच्चों को चिकित्सा क्षेत्र में करियर के अवसरों की जानकारी दी गई।
इसके पश्चात छात्र-छात्राओं को गन्ना शोध परिषद का भ्रमण कराया गया, जहाँ वैज्ञानिकों ने गन्ने की उन्नत किस्मों, अनुसंधान प्रक्रिया तथा आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी। विद्यार्थियों को बताया गया कि शोध के माध्यम से उत्पादन बढ़ाने और किसानों की आय में वृद्धि के लिए निरंतर प्रयास किए जाते हैं। प्रयोगशालाओं में चल रहे शोध कार्यों को देखकर छात्र-छात्राओं में वैज्ञानिक सोच और कृषि अनुसंधान के प्रति विशेष रुचि उत्पन्न हुई। भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं के लिए नाश्ता एवं पौष्टिक भोजन की समुचित व्यवस्था की गई। बच्चों की सुविधा, सुरक्षा एवं अनुशासन का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे पूरा कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
खंड शिक्षा अधिकारी शाहीन अंसारी ने बताया कि इस प्रकार के शैक्षिक भ्रमण से विद्यार्थियों में जिज्ञासा, आत्मविश्वास और लक्ष्य निर्धारण की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। भ्रमण के अंत में सभी छात्र-छात्राओं ने इसे अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं अविस्मरणीय अनुभव बताया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से खंड शिक्षा अधिकारी शाहीन अंसारी विश्वनाथ प्रताप सिंह नरेंद्र कुशवाहा अरविंद कुमार राहुल चौहान अरुण अग्निहोत्री अंकुर सक्सेना रेनू पाठक धूप शर्मा रंजन यादव बृजकिशन आदि लोग उपस्थित रहे।


