उमेश पाल हत्याकांड के मुख्य आरोपी अब भी फरार
प्रयागराज। बहुचर्चित उमेश पाल हत्याकांड को आज तीन वर्ष पूरे हो गए, लेकिन घटना के कई प्रमुख आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। अधिवक्ता उमेश पाल की तीसरी पुण्यतिथि पर मंगलवार को सुलेम सराय स्थित उनके आवास पर शांति पाठ और श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। परिजनों और समर्थकों ने नम आंखों से उन्हें याद किया और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग दोहराई।
अब भी फरार मुख्य आरोपी
घटना में शामिल बताए जा रहे बमबाज गुड्डू मुस्लिम, साबिर और अरमान अभी तक फरार हैं। इन पर 5-5 लाख रुपये का इनाम घोषित है, इसके बावजूद पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
इसके अलावा मामले में वांछित शाइस्ता परवीन, जैनब और आयशा नूरी भी अब तक गिरफ्त से दूर हैं। पुलिस की लगातार दबिश और छापेमारी के बावजूद इनकी लोकेशन का स्पष्ट सुराग नहीं मिल सका है।
दो सरकारी गनर भी हुए थे शहीद
उमेश पाल पर हुए हमले में उनके साथ तैनात दो सरकारी गनर भी मारे गए थे। इस हमले ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए थे और पूरे प्रदेश में सनसनी फैला दी थी।
पुण्यतिथि के अवसर पर परिजनों ने कहा कि तीन साल बाद भी सभी आरोपियों की गिरफ्तारी न होना दुखद है। उन्होंने सरकार और पुलिस प्रशासन से अपील की कि फरार आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कठोर सजा दिलाई जाए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है। तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया इनपुट के आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने विश्वास दिलाया कि जल्द ही सभी आरोपियों को कानून के कटघरे में लाया जाएगा।
तीन साल बाद भी यह मामला प्रयागराज ही नहीं, पूरे प्रदेश में न्याय की प्रतीक्षा का प्रतीक बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here