फर्रुखाबाद। थाना मेरापुर क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार हलवाई की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार थाना मेरापुर क्षेत्र के गांव रुखैया निवासी 55 वर्षीय रामबाबू पुत्र ईश्वरी लाल पेशे से हलवाई थे और मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। सोमवार को वह अपनी बाइक से गांव से अचरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में मौरंग (बालू) से लदे एक ट्रक से उनकी बाइक टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक चालक वाहन को मोड़ रहा था, तभी अचानक सामने से आ रही बाइक ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रामबाबू गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक के भतीजे धीरज ने बताया कि ट्रक चालक वाहन को अचानक मोड़ रहा था, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा ट्रक और चालक के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।





