अलीगढ़। महानगर के गांधीपार्क थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां खुद की शादी के अगले ही दिन दूल्हा एक डांसर के संपर्क में आ गया और अब दोनों संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हैं। नवविवाहिता पत्नी ने डांसर पर ब्लैकमेल कर पति को अपने जाल में फंसाने का आरोप लगाया है और पुलिस अधिकारियों को लिखित शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
मामला अचल रोड स्थित सराय इंतजाम अली इलाके का है। यहां के निवासी बिलाल की शादी गत 3 दिसंबर को गाजियाबाद निवासी युवती से हुई थी। 4 दिसंबर को घर में उसकी बहन की शादी से पहले हल्दी-मेहंदी का कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जबकि 5 दिसंबर को निकाह संपन्न हुआ। हल्दी-मेहंदी के कार्यक्रम में शाहजमाल क्षेत्र में रहने वाली, मूल रूप से सादाबाद (हाथरस) की एक डांसर को बुलाया गया था।
परिजनों के अनुसार नाच-गाने के कार्यक्रम के बाद देर रात बिलाल डांसर को उसके घर छोड़ने गया। इसी दौरान दोनों के बीच मोबाइल नंबरों का आदान-प्रदान हुआ और बातचीत शुरू हो गई। पत्नी का आरोप है कि डांसर ने बिलाल को अपने पास बुलाकर नशा कराया और उसकी मर्जी के बिना संबंध बनाकर वीडियो बना ली। इसके बाद उसी वीडियो के जरिए उसे ब्लैकमेल किया जाने लगा।
परिवार का कहना है कि ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर बिलाल मानसिक रूप से टूट गया था और उसने आत्महत्या का प्रयास तक किया। बाद में परिजनों ने उसे समझाया और डांसर से संपर्क कर मामला सुलझाने की कोशिश की। आरोप है कि डांसर ने दस लाख रुपये की मांग की और पैसे न देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
अब पिछले कई दिनों से बिलाल और उक्त डांसर दोनों गायब हैं। परिवार को तलाश के दौरान एक वीडियो मिला है, जो कथित तौर पर जयपुर के किसी होटल का बताया जा रहा है। इससे आशंका और गहरा गई है कि दोनों साथ में हैं। नवविवाहिता पत्नी ने पति के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताई है और आरोप लगाया है कि डांसर पहले भी युवकों को फंसाने के मामलों में शामिल रही है। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि उसके खिलाफ पूर्व में एक युवक की हत्या से जुड़ा मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
थाना गांधीपार्क प्रभारी राजवीर सिंह परमार ने बताया कि अभी तक उनके संज्ञान में औपचारिक शिकायत नहीं आई है। शिकायत प्राप्त होने पर तथ्यों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। शादी के कुछ ही दिनों बाद दूल्हे के अचानक गायब होने और डांसर से जुड़े आरोपों ने पूरे मामले को रहस्यमय बना दिया है। पुलिस की जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here