– कायमगंज में भी अगले वर्ष बनेगा रेलवे ओवरब्रिज; सांसद मुकेश राजपूत ने पीएम मोदी और नितिन गडकरी का जताया आभार
– – प्रशांत कटियार
फर्रुखाबाद: Farrukhabad जनपद को केंद्र सरकार से बड़ी विकासात्मक सौगात मिली है। देवरामपुर-व ठंडी सड़क स्थित रेलवे क्रॉसिंग (railway crossing) पर बनने वाले रेलवे ऊपरगामी सेतु (आरओबी ) के लिए लगभग ₹97 करोड़ की निधि स्वीकृत कर दी गई है। सांसद मुकेश राजपूत ने जानकारी देते हुए बताया कि निर्माण कार्य मार्च 2026 से शुरू होने की संभावना है।
देवरामपुर-व ठंडी सड़क रेलवे क्रॉसिंग पर प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं। ट्रेनों के आवागमन के दौरान फाटक बंद रहने से लंबे जाम लगते हैं, जिससे आमजन, व्यापारियों और विद्यार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
प्रस्तावित ऊपरगामी सेतु बनने से:
प्रतिदिन गुजरने वाले 10–15 हजार वाहनों को सीधा लाभ मिलेगा,जाम की समस्या में बड़ी कमी आएगी,दुर्घटनाओं की आशंका घटेगी,शहर के यातायात तंत्र में सुधार होगा। सांसद मुकेश राजपूत ने बताया कि कायमगंज रेलवे स्टेशन के निकट भी रेलवे ऊपरगामी पुल के निर्माण को लेकर सहमति बन चुकी है। हालांकि इसकी औपचारिक और अधिकृत स्वीकृति अभी शेष है, लेकिन अगले वर्ष इसके निर्माण की दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। यदि कायमगंज में भी आरओबी का निर्माण होता है, तो क्षेत्रीय व्यापार, कृषि परिवहन और आवागमन को नई गति मिलेगी।
सांसद ने कहा कि वे फर्रुखाबाद के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने इस परियोजना की स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों के कारण जनपद को लगातार बड़ी परियोजनाएं मिल रही हैं।
करीब ₹97 करोड़ की लागत से बनने वाला यह रेलवे ऊपरगामी सेतु फर्रुखाबाद के शहरी ढांचे को मजबूत करेगा। निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा होने पर आने वाले वर्षों में शहर को जाम मुक्त और सुगम यातायात का लाभ मिलेगा।जनता में इस स्वीकृति को लेकर उत्साह का माहौल है और लोग अब मार्च से शुरू होने वाले निर्माण कार्य की प्रतीक्षा कर रहे हैं।


