29.8 C
Lucknow
Friday, February 20, 2026

एक मार्च से शुरू होगी गेहूं खरीद, समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति कुंतल तय

Must read

फर्रुखाबाद। जनपद में आगामी एक मार्च से गेहूं की सरकारी खरीद शुरू होने जा रही है। इसे लेकर जिला प्रशासन और खाद्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए खाद्य विभाग के पोर्टल पर किसानों का पंजीकरण प्रारंभ कर दिया गया है। अधिकारी किसानों से समय रहते ऑनलाइन पंजीकरण कराने की अपील कर रहे हैं, ताकि खरीद के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन के निर्देशानुसार इस वर्ष गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित किया गया है। किसानों को निर्धारित मानकों के अनुसार साफ-सुथरा और सूखा गेहूं क्रय केंद्रों पर लाना होगा। गेहूं की बिक्री किसान स्वयं अथवा उसके परिवार का कोई नामित सदस्य संबंधित क्रय केंद्र पर कर सकता है, जिसके लिए आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
जनपद में विभिन्न स्थानों पर सरकारी क्रय केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां इलेक्ट्रॉनिक कांटे, नमी मापक यंत्र और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। प्रशासन का कहना है कि किसानों के भुगतान की धनराशि सीधे उनके बैंक खाते में ऑनलाइन माध्यम से भेजी जाएगी, जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो और किसानों को पारदर्शी तरीके से लाभ मिल सके।
अधिकारियों ने किसानों से अपील की है कि वे समर्थन मूल्य का लाभ लेने के लिए समय पर पंजीकरण कराएं और किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित विपणन कार्यालय या क्रय केंद्र प्रभारी से संपर्क करें। प्रशासन का दावा है कि इस बार खरीद प्रक्रिया को और अधिक सुव्यवस्थित और किसान हितैषी बनाया जाएगा, जिससे जनपद के अधिक से अधिक किसानों को लाभ मिल सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article