न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज
सोनभद्र। जनपद के बीजपुर थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। एक युवती ने अपने सगे जीजा विशाल और उसके मित्र राहुल पर छेड़छाड़, जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने तथा जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस द्वारा प्रारंभिक स्तर पर कार्रवाई न किए जाने के बाद पीड़िता ने न्यायालय की शरण ली, जिसके आदेश पर अब मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
न्यायालय में दाखिल प्रार्थना पत्र के अनुसार पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके सगे जीजा विशाल और उसका मित्र राहुल लंबे समय से उस पर बुरी नजर रखे हुए थे। आरोप है कि 15 अगस्त को दोनों ने उसके घर पहुंचकर अश्लील हरकतें कीं और जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। पीड़िता ने जब इस घटना की जानकारी अपने माता-पिता को दी तो लोक-लाज के भय से उसे चुप रहने की सलाह दी गई।
पीड़िता का कहना है कि इस चुप्पी का फायदा उठाते हुए आरोपियों के हौसले और बढ़ गए तथा वे उसे लगातार प्रताड़ित करने लगे। परेशान होकर वह 24 अगस्त को अपने मौसा के घर बीजपुर आ गई, लेकिन आरोप है कि वहां भी आरोपियों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा।
प्रार्थना पत्र में उल्लेख है कि एक अक्टूबर की शाम करीब पांच बजे विशाल और राहुल बीजपुर पहुंचे और दशहरे के बहाने युवती को अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। युवती द्वारा इनकार करने पर दोनों ने मौसा के वृद्ध माता-पिता के सामने ही उसके कपड़े फाड़ दिए और सरेआम छेड़छाड़ की। जाते-जाते आरोपियों ने कथित रूप से युवती को अगवा करने और जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़िता का आरोप है कि उसने घटना की सूचना थाना बीजपुर में दी थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद 11 अक्टूबर को उसने पुलिस अधीक्षक को रजिस्टर्ड डाक से पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई, फिर भी सुनवाई नहीं हुई। अंततः न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि न्यायालय के आदेश पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


