उन्नाव/कानपुर। क्रिकेट मैच के दौरान अचानक मधुमक्खियों के हमले से अफरा-तफरी मच गई। इस हमले में अंपायर मानिक गुप्ता की मौत हो गई, जबकि कई खिलाड़ियों को भी मधुमक्खियों ने काट लिया।
घटना सप्रू स्टेडियम में मैच के दौरान हुई, जब मैदान में अचानक मधुमक्खियों का झुंड पहुंच गया। खिलाड़ी और दर्शक जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान अंपायर मानिक गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल अवस्था में उन्हें कानपुर के हैलट अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उन्हें मधुमक्खियों ने कई जगह काटा था, जिससे उनकी हालत बिगड़ती चली गई।
मानिक गुप्ता कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन से जुड़े थे और स्थानीय क्रिकेट जगत में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। घटना के बाद खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में शोक की लहर दौड़ गई है।
सवाल उठे सुरक्षा व्यवस्था पर
इस दर्दनाक घटना के बाद स्टेडियम की सुरक्षा और प्राकृतिक जोखिमों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।





