बदायूं के वजीरगंज थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। रेहड़िया गांव के पास गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर अचानक अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में दो लोगों को मामूली चोटें आईं, जिनका प्राथमिक उपचार कराने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, अमरोहा जिले के थाना हसनपुर क्षेत्र के गांव व्यावली निवासी वेदपाल अपने साथी सोनू के साथ हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे परियोजना पर ट्रैक्टर-ट्रॉली चलाते हैं। बुधवार को दोनों काम से लौट रहे थे और सर्विस रोड से होकर गुजर रहे थे।
वजीरगंज क्षेत्र के नौली हरनाथपुर के पास अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चालक वेदपाल और सोनू को हल्की चोटें आईं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि ट्रॉली में अधिक लोग सवार होते तो गंभीर दुर्घटना हो सकती थी।
ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीधा कराया और घायलों को प्राथमिक उपचार दिलवाया। इसके बाद दोनों अपने घर के लिए रवाना हो गए। चालक वेदपाल ने बताया कि सड़क पर अचानक गड्ढा सामने आ गया, जिसे बचाने की कोशिश में वाहन असंतुलित होकर पलट गया। घटना के बाद क्षेत्र में सड़क की खराब स्थिति को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।


