– श्री रामचंद्र मिशन आश्रम में 150 से अधिक देशों के साधकों का जुटान
– दाजी के मार्गदर्शन में सामूहिक ध्यान
शाहजहांपुर।श्री राम चंद्र मिशन के योगाश्रम में वर्ष 2026 का बसंत उत्सव स्वर्ण जयंती समारोह भव्य रूप से आयोजित किया गया। इस अवसर पर देश-विदेश से आए हजारों साधकों ने भाग लिया। आयोजकों के अनुसार, 150 से अधिक देशों के साधक सामूहिक ध्यान सत्र में शामिल हुए।
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे हार्टफुलनेस के मार्गदर्शक कमलेश डी.पटेल , जिन्हें साधक प्रेम से “दाजी” के नाम से जानते हैं। उनके मार्गदर्शन में विशाल सामूहिक ध्यान सत्र आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने आंतरिक शांति और आत्मिक उन्नति का अनुभव साझा किया।
स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आश्रम परिसर का व्यापक विस्तार, नवीनीकरण और सौंदर्यीकरण किया गया है। पूरे परिसर को भव्य और गरिमामय रूप दिया गया, जो इस ऐतिहासिक अवसर की भावना और गरिमा को दर्शाता है। ध्यान हॉल, आवासीय सुविधाएं, उद्यान और अन्य व्यवस्थाओं को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है।
आयोजन में विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधियों ने आध्यात्मिक एकता, शांति और मानवता के साझा मूल्यों पर बल दिया। बसंत उत्सव को आंतरिक नवचेतना, प्रकृति के पुनर्जागरण और आध्यात्मिक जागरण का प्रतीक बताया गया।


